संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। प्रदेश में विभिन्न कारणों से खाली हुए क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत सदस्यों के पदों पर 9 फरवरी को उप चुनाव होंगे। पंचायती राज विभाग के आदेश पर प्रशासन ने चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है। जिले में क्षेत्र पंचायत सदस्य के दो पद खाली हैं।
जिले में थानाभवन ब्लॉक के क्षेत्र पंचायत के सदस्य धर्मेंद्र की पिछले दिनों मृत्यु हो गई थी। जबकि ऊन ब्लॉक क्षेत्र के सदस्य उपेंद्र ने नौकरी लगने पर त्याग पत्र दे दिया था। इन दोनों पदों पर चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री 20 जनवरी से शुरू हो जाएगी। 24 जनवरी तक सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक जमा किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच 25 जनवरी को सुबह 10 बजे से कार्य की समाप्ति तक होगी। 27 जनवरी को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक उम्मीदवार नामांकन पत्र वापस ले सकेंगे। इसी दिन 3 बजे से चुनाव चिन्ह का आवंटन किया जाएगा। मतदान 9 फरवरी की सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। मतगणना 10 फरवरी को सुबह 8 बजे से परिणाम घोषित होने तक चलेगी।
डीएम जसजीत कौर ने बताया कि चुनाव के लिए मुनादी के साथ अन्य संसाधनों से चुनाव का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाएगा। नामांकन पत्रों की बिक्री, जमा करने, नाम वापसी और चुनाव चिन्ह आवंटन की कार्रवाई ब्लॉक कार्यालय पर ही होगी। चुनाव के परिणाम की घोषणा संबंधित ब्लॉक क्षेत्र के निर्धारित मतगणना स्थल पर ही की जाएगी। इस चुनाव के दौरान सार्वजनिक अवकाश दिवसों पर भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे। कोरोना गाइडलाइन का पालन किया जाएगा।