शामली/झिंझाना/कैराना। पानीपत खटीमा हाईवे पर बंतीखेड़ा गांव के निकट बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार शीशपाल और उसके जीजा अनिल की मौत हो गई। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। जंधेडी गांव निवासी लोकेंद्र ने बाबरी थाने में तहरीर देते हुए बताया कि उसका भतीजा 25 वर्षीय शीशपाल अपने जीजा अनिल और एक अन्य के साथ बाइक पर मुजफ्फरनगर से बिजली फिटिंग का काम करके मंगलवार की रात लौट रहा था। जैसे ही बाइक पानीपत-खटीमा हाईवे पर बंतीखेड़ा गांव के निकट पहुंची तभी सामने से तेज गति से गलत दिशा में आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में शीशपाल और झिंझाना के अगड़ीपुर के रहने वाले उसके जीजा बिजली मिस्त्री 26 वर्षीय अनिल की मौके पर ही मौत हो गई। जंधेडी निवासी उनका साथी आमिर गंभीर रुप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर उसकी हालत गंभीर बनी है। लोकेंद्र की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।