शामली। जिले की नए पेराई सत्र 2024-25 शुरू करने के लिए बजाज समूह की थानाभवन चीनी मिल का बायलर पूजन विधि विधान से संपन्न हो गया है। बृहस्पतिवार को ऊन चीनी मिल में बायलर पूजन शुरू होगा। थानाभवन चीनी मिल का आगामी 27 अक्तूबर और ऊन चीनी मिल का पेराई सत्र आगामी पांच नवंबर को चालू हो जाएगा।
बुधवार को सुबह साढ़े आठ बजे से लेकर साढ़े 11 बजे तक थानाभवन चीनी मिल का बायलर पूजन विधि विधान से पंडित राजकमल भट्ट ने संपन्न कराया गया। मुख्य यजमान के रूप में चीनी मिल के यूनिट हेड ज्ञानेंद्र वीर, गन्ना महाप्रबंधक लेखपाल सिंह, तकनीकी विभाग अध्यक्ष अनुपम खरे, प्रोडक्शन हैड समरपाल सिंह, एचआर हैड शिवचरण सिंह मौजूद रहे।
गन्ना महाप्रबंधक लेखपाल सिंह ने बताया कि थानाभवन चीनी मिल पूजन के बाद बायलर में अग्नि प्रज्ज्वलित कर दी गई। मिल के 76 तोल केंद्र स्थापित कर दिए गए हैं। आगामी 25 अक्तूबर से खरीद केंद्रों पर गन्ने की खरीद शुरु हो जाएगी। 27 अक्तूबर से थानाभवन मिल का पेराई पूजन के बाद पेराई शुरू हो जाएगा। ऊन चीनी मिल का बायलर पूजन बृहस्पतिवार को शुरु हो जाएगा। आगामी पांच नवंबर को चीनी मिल का पेराई सत्र चालू हो जाएगा।