युवती की मां का लिया गया ब्लड सैंपल
चौसाना। श्यामली-श्यामला में बेटी की गला दबाकर हत्या कर शव बिटौड़े में फूंकने के मामले में पुलिस ने मृतका की मां का ब्लड सैंपल लिया है। पुलिस ने बताया कि काजल की अस्थियों से डीएनए मिलान कराने के लिए मां का ब्लड सैंपल लिया गया।
श्यामली-श्यामला गांव में काजल की शुक्रवार रात उसके ही पिता प्रमोद ने हत्या कर दी थी। बेटी प्रेमी के साथ शादी की जिद पर अड़ी थी। हत्या के सुबूत मिटाने के लिए पिता ने बेटी के शव को भंवर सिंह के बिटौड़े में आग लगा दी थी। शनिवार सुबह बिटौड़े की राख में मानव कंकाल मिलने की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचे और जांच की थी। फोरेंसिक टीम ने हड्डियों को एकत्र कर जांच के लिए भेजा था। पुलिस ने 24 घंटे में घटना का खुलासा करते हुए पिता प्रमोद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। चौकी प्रभारी समयपाल अत्री ने बताया कि मृतका की मां का ब्लड सैंपल जिला अस्पताल में लिया गया, ताकि अस्थियों के डीएनए को मां के डीएनए से मिलान कराया जा सके।