आदमपुर में सभा को संबोधित करते जयंत चौधरी।
- फोटो : अमर उजाला
शामली के कैराना लोकसभा सीट के उपचुनाव में गठबंधन प्रत्याशी को जीत दिलाने के लिए रालोद और सपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। मंगलवार को रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने गठवाला खाप के गांवों में पहुंचकर जाट बिरादरी के लोगों से एकजुट होने का आह्वान किया।
मंगलवार को रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने गांव काबडौत, बुटराडी, हसनपुर, लिसाढ, सिरसीखेडा, लांक, बहावडी, माजरा, खेडी पट्टी, भाज्जू, भनेडा, कांजरहेडी, चूनसा, कुरमाली और आदमपुर में पहुंचकर सभाएं कीं। इस दौरान जयंत चौधरी ने भाजपा की प्रदेश सरकार पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा ने किसानों के साथ धोखा किया। 14 दिन में गन्ना मूल्य दिलाने का वादा किया, लेकिन अब तक कैराना लोकसभा क्षेत्र की चीनी मिलों पर 700 करोड़ रुपये से ज्यादा बकाया है। वहीं, किसानों को गन्ना पर्चियों के लिए परेशानी उठानी पड़ी।
जयंत चौधरी ने कहा कि बिजली की दरों में दोगुना से भी ज्यादा इजाफा करके किसान और मजदूरों की कमर तोड़ दी गई। साथ ही जयंत ने युवाओं को लुभाते हुए कहा कि नौजवान सड़क पर हैं, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि सीमा पर जवान शहीद हो रहे हैं, और यहां किसान अपने हकों से वंचित होने पर आत्महत्या करने को मजबूर है। जयंत चौधरी ने कहा कि सामाजिक समरसता के लिए किसान और मजदूर का एकजुट होना जरूरी है। इस दौरान पूर्व विधायक पंकज मलिक, पूर्व विधायक त्रिलोकीराम दिवाकर, पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल, पूर्व मंत्री किरणपाल कश्यप, सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल ब्रहमपाल तोमर, प्रदेश प्रवक्ता सुनील रोहटा, जिलाध्यक्ष योगेन्द्र चेयरमैन, पूर्व विधायक बलबीर सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तिरसपाल मलिक और रंधावा मलिक सहित सपा और रालोद के अन्य नेता भी मौजूद रहे।
छोटे चौधरी ने बंद कमरे में की जाट नेताओं के साथ मंथन
शामली। रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह मंगलवार को शामली में कैराना रोड स्थित एक होटल में पहुंचे। वहां उन्होंने जाट बिरादरी के नेताओं के साथ बंद कमरे में वार्ता की और चुनाव प्रबंधन पर चर्चा हुई। करीब चार घंटे तक उन्होंने अलग अलग क्षेत्र से आए जाट बिरादरी के नेताओं के साथ कैराना लोकसभा सीट के उपचुनाव के लिए चुनावी मंथन किया।
भाजपा सरकार में दलितों का अपमान
शामली। समाजवादी पार्टी अनुसूचित जाति जनजाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश आंबेडकर ने मंगलवार को शामली में कैराना रोड स्थित जेजे फार्म में संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने संगठन के जिलाध्यक्ष पाल सिंह और जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्र कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ चुनाव तैयारी पर मंथन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में दलितों का अपमान हो रहा है। भाजपा नेता दलितों के घर खाना खाने का दिखावा कर रहे हैं। इस दौरान अशोक आंबेडकर, संत कुमार, सूबे सिंह, विकास, ब्रहमपाल, सतपाल, नवीन, रमेश, राकेश देवी, धर्मपाल, संजीव और विनीत आदि मौजूद रहे।