साथी युवक को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया
संवाद न्यूज एजेंसी
कैराना। कस्बे में पानीपत तिराहे पर बाइक सवार एक युवक को ट्रक ने कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
मोहल्ला आलकलां निवासी इस्लाम का 19 वर्षीय पुत्र उस्मान अपने साथी जमाल के साथ बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे बाइक पर सवार होकर पानीपत की ओर जा रहा था। वे पानीपत तिराहे के समीप पहुंचे तो सामने से तेज गति से आ रहे ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इससे उस्मान की कुचल जाने से मौत हो गई, जबकि जमाल गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां से उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। हादसे के बाद चालक मौके से ट्रक लेकर फरार हो गया। वहीं, युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। उसकी मां शाइना ने कोतवाली में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उधर, कोतवाली प्रभारी अनिल कपरवान ने बताया कि ट्रक की टक्कर लगने से बाइक सवार युवक की मौत हुई है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।