कांधला। बुढ़ाना मार्ग पर डांगरौल गांव के निकट ट्रक की टक्कर से बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई। जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना फुगाना के गांव सरनावली निवासी यशपाल अपनी पत्नी 30 वर्षीय ममता के साथ बाइक पर सवार होकर किसी कार्य से कस्बे में आ रहे थे। जैसे ही बाइक सवार दंपती गांव डांगरौल के निकट पहुंचे तो पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दंपती सड़क पर जा गिरे। सड़क पर गिरने से ममता की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि यशपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी चालक ट्रक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल यशपाल को सीएचसी में भर्ती कराया और ममता के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ममता की मौत से गांव में मातम छाया हुआ है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। संवाद