संवाद न्यूज एजेंसी
कांधला। कैराना मार्ग के समीप कार की टक्कर से एक युवक रूप से गंभीर घायल हो गया। चिकित्सक ने उसे शामली के लिए रेफर कर दिया। वहीं, घटना से आक्रोशित परिजनों ने हंगामा किया तथा कार व एंबुलेंस में तोड़फोड़ की।
नगर के इदरीश बेग विहार निवासी शाकिर पुत्र सलीम शुक्रवार दोपहर बाइक पर सवार होकर कैराना मार्ग से कांधला की ओर जा रहा था। शांतिनगर के समीप बाइक सवार को स्विफ्ट कार ने टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार अनियंत्रित होकर सामने से आ रही दूसरी कार से जा टकराया। जिसमें बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराकर परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। इस पर परिजन मौके पर पहुंचे तथा हंगामा कर गाड़ी चालक से मारपीट कर दी। वहीं, कार व एंबुलेंस में भी तोड़फोड़ कर दी। जिसके चलते भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया तथा उन्हें जबरन हटाया। वहीं, परिजनों ने कार चालक के विरुद्ध तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उधर, चिकित्सकों ने घायल की हालत चिंताजनक बताई है।