संवाद न्यूज एजेंसी
झिंझाना। क्षेत्र में मछरौली-भोगी माजरा रोड पर बाइक पर सवार दो चचेरे भाइयों को पिकअप गाड़ी ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, उसके चाचा ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
क्षेत्र के गांव टोडा निवासी 28 वर्षीय विकास उर्फ भिक्का पुत्र मेघराज सोमवार शाम अपने चचेरे भाई रवि पुत्र सुभाष के साथ बाइक पर सवार होकर झिंझाना जा रहा था। बाइक सवार दोनों युवक मछरौली-भोगी माजरा मार्ग पर पहुंचे तो सामने से आ रही पिकअप गाड़ी ने बाइक को टक्कर मारकर दी। आरोपी चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। हादसा देखकर आसपास खेत में काम कर रहे किसान उधर दौड़ पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विकास उर्फ भिक्का की मौके पर ही मौत हो गई। रवि गंभीर रुप से घायल हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। विकास की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि दुर्घटना में युवक की मौत हो गई। उसके परिजन बालेंद्र पुत्र भागमल ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।