रजबहे में गिरकर बाइक सवार की मौत
थानाभवन। भनेड़ा उद्दा नहर की पटरी पर नौजल मार्ग के पास रजबहा है। मार्ग का चौड़ीकरण किया जा चुका है, लेकिन रजबहे की पुलिया का निर्माण अभी नहीं किया गया है। बुधवार की रात तितावी थाना क्षेत्र के गांव ढिंडावली निवासी 28 वर्षीय कल्याण सिंह पुत्र सोहनपाल बाइक से भनेड़ा नहर की पटरी मार्ग से होते हुए गांव भनेड़ा की ओर से शामली की ओर जा रहा था। रजबहे की पुलिया पर वह बाइक सहित रजबहे में गिर गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उधर, थानाभवन पुलिस रात में गश्त करते समय मौके पर पहुंची तो घटना का पता चला। घटना गढ़ीपुख्ता थाना क्षेत्र की होने के कारण सूचना पर मौके पर पहुंची गढ़ीपुख्ता पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।