कैराना। मंगलवार की रात तीतरवाड़ा रोड पर ट्रैक्टर ट्राॅली की टक्कर से बाइक सवार सव्वर निवासी गांव तीतरवाड़ा की मौत हो गई। मंगलवार रात करीब दो बजे तीतरवाड़ा निवासी तसव्वर बाइक द्वारा पानीपत जा रहा था। तीतरवाडा रोड पर बुच्चाखेड़ी के पास ट्रैक्टर-ट्राॅली ने बाइक में टक्कर मारी। तसव्वर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायल को सरकारी अस्पताल पहुंचाया जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे। बाद में पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के चचेरे भाई इनाम ने बताया कि तसव्वर के बड़े भाई सरवर की एक साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। तसव्वर खेतों में मजदूरी करता था तथा अविवाहित था। घर में तसव्वर की बूढ़ी मां और एक अविवाहित बहन है। जांच अधिकारी उप निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में ले लिया है। संवाद