-अंडरपास पर पानी भरा होने के कारण ट्रैक से होकर गुजर रहा था बाइक सवार
-ट्रेन की चपेट में आने से बाइक क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों ने अंडरपास से पानी निकलवाने की मांग की
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
जलालाबाद। क्षेत्र में दुलावा गांव के रास्ते स्थित अंडरपास पर एक बाइक ट्रेन की चपेट में आ गई। बाइक सवार ने कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे क्षेत्र के गांव अंबेहटा याकूबपुर निवासी युवक बाइक पर सवार होकर जलालाबाद से दुलावा गांव की ओर जा रहा था। जब वह अंडरपास पर पहुंचा तो वहां पानी भरा होने के कारण वह अपनी बाइक ट्रैक के ऊपर से ले जाने लगा। इसी दौरान सहारनपुर से दिल्ली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन आ गई। बताया गया कि लोको पायलट ने ट्रैक पर बाइक देखकर होर्न बजाया, लेकिन वहां ज्यादा जगह न होने के कारण युवक बाइक नहीं हटा पाया। ट्रेन बाइक से टकरा गई और युवक ने दूसरी तरफ कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई। हादसे में उसकी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस संबंध में आरपीएफ इंस्पेक्टर नवीन कुमार कसाना का कहना है बाइक कब्जे में ले ली है। बाइक के नंबर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर युवक को तलाश किया जा रहा है।
हो सकता था बड़ा हादसा
अंडरपास में पानी भरा होने के कारण महिपाल रेलवे ट्रैक से होकर गुजर रहा था, लेकिन ट्रेन से दुर्घटना होने के कारण वहां एक बड़ा हादसा भी हो सकता था। गनीमत रही कि ट्रेन को कोई नुकसान नहीं हुआ। यदि बाइक से टकराने पर रेल का पहिया अनियंत्रित हो जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
अंडरपास जलमग्न होने से जोखिम में डालनी पड़ रही जान
पिछले दिनों हुई बारिश से क्षेत्र के सभी अंडरपास जलमग्न हो गए। इनमें अंबेहटा याकूबपुर और दुलावा गांव का अंडरपास भी शामिल है। इन गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी जगह आने-जाने के लिए जान जोखिम में डालनी पड़ रही है। अंडरपास में पानी भरा होने के कारण ग्रामीणों में काफी रोष है। उनका कहना है कि यदि अंडरपास से जल्द पानी नहीं निकाला गया तो वह धरना प्रदर्शन करेंगे। उधर, अंबेहटा याकूबपुर गांव के अंडरपास पर लोगों की शिकायत के बाद रविवार को पानी निकालने का काम शुरू कर दिया गया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि सोमवार तक अंडरपास से पानी बाहर निकल जाएगा। इस दौरान दुलावा गांव के ग्रामीणों ने भी अपने अंडरपास के पानी को निकालने की मांग की है।