पुलिस ने किया कस्बों में फ्लैग मार्च।
- फोटो : अमर उजाला
शामली में डाक्टर भीमराव आंबेडकर की जयंती पर शनिवार को जिले भर में करीब 10 स्थानों पर शोभायात्रा निकाली जाएगी। कार्यक्रम शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा का खाका खींच लिया है। सभी थानाध्यक्ष अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगे। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस के साथ ही पीएसी के जवान भी तैनात रहेंगे।
शासन ने भी डाक्टर भीमराव आंबेडकर की जयंती पर शोभायात्रा के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं। इसी के चलते पुलिस अधीक्षक देवरंजन वर्मा ने जनपद के सभी थानाध्यक्षों को हिदायत दी है कि किसी भी स्थान पर माहौल खराब न होने पाए। यदि कोई शरारती तत्व माहौल बिगाड़ने का प्रयास करेगा, तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा। सभी थानाध्यक्षों को पुलिस टीम के साथ भ्रमणशील रहने का निर्देश दिया गया है। साथ ही शामली, थानाभवन और कैराना सीओ को भी अपने अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहना होगा।
गौरतलब है कि डाक्टर भीमराव आंबेडकर की जयंती पर शामली में तीन, थानाभवन, कांधला और बाबरी में एक-एक, गढ़ीपुख्ता में तीन स्थानों पर कार्यक्रम होने हैं। इसके अलावा कुछ स्थानों पर गोष्ठी का आयोजन भी होगा, तो शामली में अजंता चौक पर स्थित डाक्टर भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी होगा। इसके अलावा भाजपा युवा मोर्चा की तरफ से शामली शहर में बाइक रैली भी निकाली जाएगी, तो रालोद, कांग्रेस, बसपा और सपा कार्यकर्ता भी कार्यक्रम कर सकते हैं। इसी लिहाज से पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि परंपरागत रूप से होने वाले कार्यक्रम पर किसी प्रकार की रोक नहीं है, लेकिन अगर कोई व्यक्ति माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेगा, तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने बताया कि थानों की पुलिस के अलावा पुलिस लाइन से भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा पीएसी के जवान भी तैनात रखे जाएंगे।
अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी पैनी नजर
डाक्टर भीमराव आंबेडकर जयंती पर होने वाले कार्यक्रमों के मद्देनजर पुलिस ने जहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं, वहीं सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी नजर रखी जाएगी। पुलिस अधीक्षक देवरंजन वर्मा की तरफ से वाट्सएप ग्रुपों पर भी यह संदेश दिया जा रहा है कि आंबेडकर जयंती पर होने वाले कार्यक्रम शांतिपूर्ण संपन्न कराने में सहयोग करें। किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। यदि कोई शरारती तत्व अफवाह फैलाता है अथवा भड़काऊ पोस्ट या टिप्पणी डालता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस फोर्स ने किया शहर में पैदल गश्त
शामली। पुलिस अधीक्षक देवरंजन वर्मा के आदेश पर शुक्रवार को शहर कोतवाली में घंटा ड्रिल हुई। सुबह कोतवाली में घंटी बजाई गई। जैसे ही घंटी बजी पूरी कोतवाली की फोर्स एक जगह एकत्र हो गई। इसके बाद इंस्पेक्टर बिजेंद्र यादव के निर्देश पर एसआई और कांस्टेबलों ने पीएससी को साथ लेकर मेन बाजार, बड़ा बाजार, कबाड़ी बाजार, फव्वारा चौक, शिव चौक सहित मुख्य सड़कों पर गश्त किया। पुलिस ने इस दौरान अपनी मौजूदगी का अहसास कराया और व्यापारियों से बात की। इंस्पेक्टर बिजेंद्र यादव ने भरोसा जताया कि पुलिस पब्लिक के साथ है। यदि पब्लिक को किसी प्रकार की कोई समस्या है तो वह सीधे कोतवाली पुलिस के सीयूजी नंबर पर कॉल कर अपनी समस्या बता सकते हैं। उन्होंने पब्लिक और पुलिस के बीच आपसी सामंजस्य बनाने की बात कही।