बिजलीघर पर भाकियू ने किया धरना-प्रदर्शन
कांधला। खंड विकास क्षेत्र के गांव नाला में भाकियू के नेतृत्व में बुधवार को ग्रामीणों ने विद्युत निगम के कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए धरना-प्रदर्शन किया।
भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष ब्रह्मपाल पंवार के नेतृत्व में ग्रामीण विद्युत निगम के कर्मचारियों की अवैध उगाही से नाराज होकर नाला बिजलीघर पर धरना देने पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नाला बिजलीघर पर तैनात कुछ संविदाकर्मी मीटर रीडर, लाइनमैन उपभोक्ताओं से अवैध उगाही कर रहे हैं। ग्रामीणों ने बार-बार उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं हो सकी। जिसे लेकर ग्रामीणों में गहरा रोष है।
भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष धर्मपाल सिंह का कहना है कि अगर विद्युत निगम के उच्चाधिकारी ग्रामीणों की समस्या पर गंभीरता से संज्ञान लेकर कार्रवाई नहीं करते तो ग्रामीण विद्युत निगम के विरुद्ध व्यापक स्तर पर आंदोलन करेगा। इस संबंध में ग्रामीणों ने विद्युत निगम के उच्चाधिकारी को मौके पर बुलाकर ज्ञापन भी दिया। इस दौरान धरना-प्रदर्शन करने वालों में दिनेश, राहुल, पप्पू, सुंदर, सौरभ, कपिल, अमित नरेंद्र, मोनू ,सुदेश, उपेंद्र, नितिन, राहुल, शुभम, वीरसेन प्रमोद, बबलू, सुमित, बिजेंद्र, अनुज, सत्येंद्र, अमित व विकास सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे। संवाद