-जिला मुख्यालय के पांच केंद्रों पर दो पालियों में कराई गई परीक्षा
-2081 अभ्यर्थियों में पहली पाली में 1910 व दूसरी पाली में 1911 ने दी परीक्षा
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। जिले में पांच केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा संपन्न हुई। कुल पंजीकृत 2081 अभ्यर्थियों में से पहली पाली में 1910 और दसूरी पाली में 1911 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक से उपस्थिति दर्ज हुई और डिजिटल मशीन से फेस स्क्रीनिंग की गई। परीक्षा केंद्रों पर शांति व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहा।
बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा बृहस्पतिवार को जिला मुख्यालय पर वीवी पीजी कॉलेज, आरके पीजी कॉलेज, ब्रिगेडियर होशियार सिंह मेमोरियल इंटर कॉलेज, हिंदू कन्या इंटर कॉलेज और आरके इंटर कॉलेज पर हुई। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों का सुबह आठ बजे से पहले ही पहुंचना शुरू हो गया था। अभ्यर्थियों की जांच और तलाशी के बाद केंद्रों पर एंट्री दी गई। शांति व्यवस्था के लिए केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहा। सभी केंद्रों पर नियुक्त मजिस्ट्रेट और पर्यवेक्षकों की देखरेख में परीक्षा संपन्न हुई। परीक्षा के जिला समन्वयक वीवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. सुधीर कुमार ने बताया बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा सभी पांच केंद्रों पर दो पालियों में शांतिपूर्ण संपन्न हुई। परीक्षा में कुल 2081 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। पहली पाली में सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक परीक्षा हुई। इस पाली में 1910 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 171 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक परीक्षा हुई। इस पाली में 1911 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 170 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। सभी अभ्यर्थियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति हुई और एचडी कैमरों की निगरानी में परीक्षा हुई। इसके अलावा पहली बार डिजिटल मशीन से अभ्यर्थियों की फेस स्क्रीनिंग की गई। परीक्षा के दौरान कोई भी अभ्यर्थी अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए नहीं पाया गया।