- डाक कांवड़ सकुशल संपन्न कराने को पुलिस प्रशासन ने की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर आने वाले पैदल कांवड़ियों के साथ अब डाक कांवड़ की भी तैयारी हो गई है। डाक कांवड़ को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारी कर ली है। कांवड़ मार्ग से जुड़ने वाले सभी प्वाइंटाें पर बेरिकेडिंग कर पुलिस की ड्यूटी लगा दी गई है।
चार जुलाई से कांवड़ यात्रा चल रही है। हरिद्वार से कांवड़ में गंगाजल लेकर पैदल आने आने वाले शिवभक्तों का रेला शामली से गुजर रहा है। शिवरात्रि से दो दिन पहले डाक कांवड़ चलनी शुरू हो जाती है। शिवभक्त कांवड़िये बाइक, मिनी ट्रक, पिकअप व अन्य वाहनों के साथ पैदल दौड़ते हुए हरिद्वार से डाक लाते हैं और शामली होते हुए हरियाणा, पंजाब, राजस्थान व अन्य राज्यों में अपनी मंजिल की तरफ बढ़ जाते हैं।
बृहस्पतिवार से डाक कांवड़ का जिले से गुजरने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। इनमें एक तरफ डाक कांवड़िये हरिद्वार की तरफ जाएंगे तो दूसरी तरफ हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटते हुए शामली से निकलेंगे। डाक कांवड़ को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। बुधवार को पुलिस प्रशासन ने कांवड़ मार्ग को जोड़ने वाले सभी लिंक मार्गों के अलावा शहर में डिवाइडर में बने सभी कट को बंद कर दिया है। इसे अलावा हनुमानधाम, फव्वारा चौक, शिव चौक, धीमानपुरा समेत कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है।
एएसपी ओपी सिंह ने बताया डाक कांवड़ को लेकर सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। जगह जगह पर बैरिकेडिंग की गई है और डिवाइडरों में बने कट को बंद कर पुलिस की ड्यूटी लगा दी गई है। एएसपी ओपी सिंह ने कहा कि डाक कांवड़ के दौरान जरूरत के अनुसार ही वाहनों का इस्तेमाल करें और पुलिस-प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्गों से ही आवागमन करें, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो सके।