-शासन ने जारी की फरवरी माह की रैंकिंग, सौ प्रतिशत अंक मिले
फोटो 7
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। विकास कार्य कराने में बागपत को फिर से प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है। शासन से फरवरी की रैंकिंग जारी की गई है, जिसमें बागपत को 285 अंकों में 285 अंक मिले हैं। इससे पहले जनवरी की रैंकिंग में भी बागपत प्रदेश में प्रथम रहा था। डीएम राजकमल यादव ने आगे भी इस तरह ही बेहतर कार्य कराए जाने की बात कही है।
शासन से हर महीने योजनाओं को बेहतर तरीके से संचालित करने और विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तेजी से कराने पर जिलों की रैंकिंग जारी की जाती है। जिसमें स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन, कृषि, सहकारिता, पंचायती राज, सिंचाई विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, कन्या सुमंगला योजना, उद्यान विभाग, खादी ग्राम उद्योग, आपूर्ति विभाग, ऊर्जा निगम आदि विभागों के कार्यों की समीक्षा की जाती है।
डीएम राजकमल यादव ने बताया कि फरवरी में बागपत में शासन की योजनाओं पर जहां सबसे अच्छा कार्य हुआ। वहीं विकास कार्य भी काफी तेजी से गुणवत्ता पूर्ण तरीके से कराए गए। इसलिए ही बागपत को फरवरी में भी पहला स्थान मिला है। डीएम ने कहा कि सभी अधिकारी इस तरह ही बेहतर कार्य करते रहें, जिससे लगातार पहली रैंकिंग बनी रहे। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं को गंभीरता के साथ जल्द से जल्द निस्तारण किया जाए और अधिकारी जनता की समस्या सुनने के साथ ही क्षेत्र में जाकर विकास कार्यों का निरीक्षण करें।
- योजनाओं का हर किसी को लाभ मिलता रहे
डीएम राजकमल यादव ने कहा कि शासन की योजनाओं का हर किसी को लाभ मिलना चाहिए। इसके लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि योजनाओं का लाभ देने में किसी तरह की लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि अगर किसी को शासन की योजनाओं का लाभ नहीं मिलता है और किसी तरह की परेशानी आती है तो वे सीधे उनके कार्यालय में अपनी समस्या बता सकते हैं। जिसका निस्तारण तुरंत कराया जाएगा।