बाबरी निवासी शाकिब का फाइल फोटो
बाबरी (शामली)। हरियाणा सोनीपत के खेवड़ा रोड बहालगढ़ स्थित बालाजी ढाबे पर रविवार की आधी रात को चाय पीने गए बाबरी के कंबल-रजाई विक्रेता की बाइक सवार दो हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बाइक सवार किसी अन्य का पीछा कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने युवक को गोली मार दी। सूचना के बाद पहुंची बहालगढ़ थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस ने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज की है।
शामली के गांव बावरी निवासी शाकिब (26) अपने भतीजे शादाब के साथ कंबल-रजाई बेचने के लिए सोनीपत के बहालगढ़ में किराए के मकान में रहते हैं। रविवार रात को करीब 12 बजे चाचा-भतीजा चाय पीने के लिए खेवड़ा रोड स्थित बालाजी ढाबे पर गए थे। वह ढाबे पर बैठे थे कि इसी दौरान दो युवक भागते हुए ढाबे पर पहुंचे। वह ढाबे में आने के बाद वापस भाग गए। शाकिब व शादाब भी उठकर ढाबे के अंदर जाने लगे। इसी बीच बाइक सवार दो युवक मौके पर पहुंचे। उन्होंने आते ही ढाबे के गेट के पास खड़े शाकिब की ओर फायर कर दिया। युवक के माथे पर गोली लगते ही वह नीचे गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले की सूचना सदर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद देर शाम शव बाबरी लाया गया, गमगीन माहौल में शव को सुपुर्दे खाक किया गया।
शनिवार को ही बहालगढ़ आए थे चाचा भतीजा
शादाब ने बताया कि वह अपने चाचा शाकिब के साथ शनिवार को ही बहालगढ़ में आए थे। वह यहां कंबल व रजाई बेचने का काम करते है। सर्दी का मौसम बीतने के बाद वह लौट जाते हैं। शादाब ने बताया कि उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि उनके चाचा को गोली किस कारण से मारी गई है। उन्होंने मामले से परिजनों को अवगत करा दिया है। उनके आने के बाद पुलिस को शिकायत दी जाएगी।
देर रात युवक को गोली मारने की शिकायत मिली थी। जिस पर युवक के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले में परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। - इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, बहालगढ़
बाबरी में छाया शोक, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मामले का पता लगते ही बाबरी में शोक छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। शाकिब की मां की भी एक सप्ताह पूर्व ही बुखार के कारण मौत हो गई थी। मोहल्ले के लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने में लगे हुए थे।