-स्वास्थ्य विभाग ने फोर्टिस अस्पताल नोएडा के विशेषज्ञ चिकित्सक से किया अनुबंध
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत अब कैंसर के मरीजों को जिले में ही जांच और इलाज की सुविधा मिलेगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से फोर्टिस अस्पताल नोएडा के कैंसर रोग विशेषज्ञ से अनुबंध किया है।
प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना के अंतर्गत गरीब परिवार के लोगों को पांच लाख तक का निशुल्क इलाज की सुविधा है। जिले में कैंसर रोग विशेषज्ञ नहीं होने के कारण मरीजों को दूसरे जनपद या फिर राज्यों में अपना इलाज कराने के लिए जाना पड़ता था। मगर अब मरीजों को जिले में ही कैंसर की जांच और इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने फोर्टिस अस्पताल नोएडा के कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ राजेंद्र कुमार से अनुबंध किया गया है। चिकित्सक प्रत्येक बृहस्पतिवार को बड़ौत के मेडिसिटी अस्पताल में लोगों की जांच और इलाज करेंगे।
जिले में गोल्डन कार्ड की स्थिति
जिले में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 59402 परिवार के दो लाख 56 हजार 427 आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य है। इनमें से एक लाख 35 हजार 139 लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं।
9892 मरीजों पर खर्च हो चुके हैं 12 करोड़ 16 लाख रुपये
जिले में योजना के अंतर्गत लाभार्थियों का इलाज कराने के लिए आठ सरकारी और 14 प्राइवेट अस्पतालों के साथ अनुबंध किया गया है। इन अस्पतालों में अब तक 9892 लाभार्थी अपना इलाज करा चुके हैं। आठ सरकारी अस्पताल में 2132 लाभार्थियों पर एक करोड़ नौ लाख रुपये और 14 प्राइवेट अस्पतालों में 8083 लाभार्थियों पर 11 करोड़ सात लाख रुपये खर्च आया है।
-लोगों को जिले में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की जांच और इलाज के लिए फाेर्टिस अस्पताल के चिकित्सक से अनुबंध किया गया है। चिकित्सक सप्ताह में एक दिन बड़ौत में लोगों की जांच करेंगे। -कपिल सरोहा, जिला कार्यक्रम समन्वयक आयुष्मान योजना