150 करोड़ रुपये का लेन-देन प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। ऑल इंडिया रीजनल रुरल बैंक एसोसिएशन के आह्वान पर शुक्रवार को जिले के प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंकों के 15 शाखाओं में कर्मचारी एक दिवसीय हड़ताल पर रहे। जिसके चलते करीब 150 करोड़ रुपये का लेन-देन प्रभावित हुआ है। हड़ताल को बैंकों के सेवानिवृत्त स्टाफ संगठनों ने भी समर्थन दिया।
ऑल इंडिया रीजनल रुरल बैंक एसोसिएशन के संयुक्त सचिव आयुष गर्ग ने बताया कि जिले में प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंकों की 15 शाखाओं में कामकाज ठप रहा। मुजफ्फरनगर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पर शामली, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर जिले के कर्मचारी धरने में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि सभी ग्रामीण बैंकों को एक करके ग्रामीण आबादी के लिए बैंक स्थापित करने की मांग को लेकर बीती दस अगस्त को दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दिया था।
बताया कि 500 सांसदों को ज्ञापन देने का निर्णय किया गया। अभियान के तहत 100 सांसदों को ज्ञापन देकर 30 हजार रिक्त पदों पर भर्ती किए जाने, 20 हजार के दैनिक वेतन पर काम करने वाले कर्मियों को नियमित करने, मृतक आश्रित सेवायोजना प्रणाली 2014 से लागू करने, नई पेंशन योजना को वापस लाने, बैकिंग पेंशन नियम 1993 से ग्रामीण बैंकों में प्रभावी करने, प्रमोशन नीति को बैकिंग उद्योग अनुसार समान रूप से लागू करने की मांग की गई। धरनास्थल पर क्षेत्रीय अध्यक्ष निखिल गुप्ता, क्षेत्रीय सचिव रावेंद्र, केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य सर्वेंद्र नागवान, कर्मचारी यूनियन के क्षेत्रीय अध्यक्ष विकास ने भी विचार रखे। इस अवसर पर राकेश जैन, भानु प्रताप, अशोक कुमार, राजकिशोर, एसपी गोयल, इर्तजा जैदी आदि मौजूद रहे।