जैन कन्या इंटर कालेज की छात्राओं ने मंडल व जोन स्तर पर पाया पहला स्थान
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। श्री जैन कन्या इंटर कॉलेज की छात्रा वंशिका ने गाजियाबाद में हुई जोन स्तर की एक्सटेम्पोर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। विजेता छात्रा अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। कॉलेज में मंडल व जोन स्तर पर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. रुचिता ढाका ने बताया कि युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग द्वारा एक सप्ताह पहले मंडल स्तर पर सहारनपुर में प्रतियोगिताएं आयोजित की थीं। इनमें उनके कॉलेज की छात्राओं ने नृत्य व एक्सटेम्पोर प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर प्रथम स्थान प्राप्त किया था। एकांकी प्रतियोगिता में छात्राओं ने तीसरा स्थान प्राप्त किया था। प्रधानाचार्या ने बताया कि 25 सितंबर को गाजियाबाद में जोन स्तर पर आयोजित एक्सटेम्पोर प्रतियोगिता में कॉलेज की छात्रा वंशिका ने प्रतिभाग किया और ओजस्वी शब्दों से प्रभावित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
वहीं, नृत्य प्रतियोगिता में छात्राओं ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रथम स्थान प्राप्त छात्रा वंशिका राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। शुक्रवार शाम को कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में सहारनपुर के संयुक्त शिक्षा निदेशक सहस्त्रांशु कुमार सुमन, डीआईओएस सरदार सिंह, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज कंडेला के प्रधानाचार्य डॉ. अमित मलिक, प्रबंधक वीरेंद्र जैन ने छात्राओं की सफलता पर बधाई दी और उन्हें सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर कॉलेज की शिक्षिकाएं व स्टाफ मौजूद रहा।