शामली। खेलो इंडिया योजना के तहत स्वीकृत भैंसवाल गांव में स्टेडियम की आरक्षित भूमि खेल विभाग को हस्तांतरित होने का इंतजार है। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इसके लिए मेरठ की कंपनी को निर्माण का ऑन लाइन टेंडर छोड़ा गया है।
पांच साल पहले भैंसवाल गांव के जंगल में 4.51 हेक्टेयर भूमि खेल स्टेडियम के लिए चिह्नित की गई थी। उत्तर प्रदेश लखनऊ से दस माह में दो करोड़ रुपये अवमुक्त हो चुके हैं। वहीं शासन से स्टेडियम की प्रशासकीय वित्तीय समिति, योजना विभाग और तकनीकी स्वीकृति मिल चुकी है। इसके अलावा शासन की ओर से यूपीसीएल के रूप में निर्माण एजेेंसी नियुक्त हो चुकी है। बता दें यह स्टेडियम दिल्ली के जवाहर लाल नहेरू स्टेडियम की तर्ज पर तैयार किया जाएगा। मगर खेल विभाग को भैंसवाल खेल स्टेडियम की भूमि हस्तांरित न होने के चलते कार्य शुरू नहीं हो पाया है। वर्ष 2021 को तत्कालीन डीएम जसजीत सिंह कौर भैंसवाल खेल स्टेडियम की भूमि को खेल विभाग को हस्तांतरित करने की रिपोर्ट उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद के चेयरमैन को भेज चुकी है। यूपीसीएल के परियोजना प्रबंधक तरुण कुमार भी डीएम रविंद्र सिंह से मुलाकात कर भूमि हस्तांरित करने का अनुरोध कर चुके हैं।