कैराना में एडीएम संतोष कुमार यादव की इंस्टाग्राम पर फेक आईडी का स्क्रीन शाट-संवाद
कैराना। साइबर ठग ने इंस्टाग्राम पर अपर जिलाधिकारी की फेक आईडी बना कर लोगों से पैसों की मांग की। वहीं मामले में एडीएम ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी व सोशल मीडिया पर फेक आईडी के बहकावे में नहीं आने की सलाह दी है।
कुछ माह पहले भी किसी साइबर ठग ने एडीएम की इंस्टाग्राम पर फेक आईडी बनाई थी तथा पैसों की मांग की थी। बाद में जांच करने पर पता चला था कि ठग लोगों से महाराष्ट्र के एक बैंक अकाउंट में पैसे डलवाने की बात कह रहा था। जिसके बाद पता चला कि उक्त अकाउंट पर फर्जी आधार कार्ड लगा कर खाता खुलवाया गया है। बैंक प्रबंधक को फर्जी आधार कार्ड की रिपोर्ट भेजने के बाद बैंक खाता बंद करा दिया गया था। वही पिछले तीन चार दिन से किसी ठग ने अपर जिलाधिकारी संतोष सिंह के नाम से फेक इंस्टाग्राम आईडी बना ली तथा सोशल मीडिया से उठा कर एडीएम का फोटो भी लगा लिया। एडीएम की फेक आईडी से कुछ लोगों से जरूरत दिखा कर आनलाइन पैसों की मांग की गई।
बताया जा रहा है है कि जिन लोगो से पैसों की मांग की गई उनमें से कुछ लोगों ने साइबर ठग को धमका दिया। मामले में एडीएम संतोष कुमार यादव ने बताया कि उनके पास भी फेक आईडी की शिकायत आई है। उन्होंने अपने स्टेटस पर ऐसे ठगों से बचने की सलाह दी है। साथ ही फेक आईडी बनाने वाले का पता लगाया जा रहा है।