संवाद न्यूज एजेंसी
गढ़ीपुख्ता। गांव पलठेड़ी में राजकीय इंटर कॉलेज का निर्माण पूरा कराने के लिए थानाभवन विधायक अशरफ अली खान ने अल्पसंख्यक कल्याण विभाग मंत्री धर्म सिंह सैनी से मुलाकात की। उनसे निर्माण के लिए बजट जारी कराने का अनुरोध किया। स्कूल का कार्य सात साल में भी पूरा नहीं हो सका।
गांव पलठेड़ी में 2015 में मल्टी सेक्टोरियल डिस्ट्रिक्ट डेवलपमेंट प्लान अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज का निर्माण शुरू हुआ था। तत्कालीन डीएम ओपी वर्मा ने इसकी आधारशिला रखी थी। इस पर करीब तीन करोड़ रुपये की लागत आनी थी, लेकिन निर्माण के लिए एक किस्त ही जारी हुई। शासन की ओर से दूसरी किस्त जारी नहीं की गई। जिसके चलते निर्माण पूरा नहीं हो सका है। करीब पांच साल से कॉलेज का निर्माण बंद है। पूर्व प्रधान चौधरी शरीफ अहमद, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बिलाल चौधरी, नासिर जंग, श्रीचंद, कैसर अली, अमजद, अनिल पंकज, तौफिक, आलम, अरविंद, रोहित, रामकुमार आदि ने निर्माण पूरा कराने के लिए थानाभवन विधायक अशरफ अली खान से गुहार लगाई थी। विधायक ने बताया कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने राजकीय स्कूलों के का निर्माण कार्य पूरा कराने का आश्वासन दिया है।