शामली। अब बस से सफर करने के इच्छुक यात्रियों को अपनी बस के बारे में जानने के लिए बार-बार पूछताछ केंद्र पर जानने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अब एक एप के माध्यम से ही ट्रेन की तरह ही रोडवेज बसों की भी वास्तविक लोकेशन जानी जा सकेगी। इसके लिए रोडवेज बसों में वीटीएस लगवाए जाएंगे। इस एप से लोकेशन के साथ बस का समय भी जान सकेंगे।
अभी तक केवल यात्री ट्रेन की सही लोकेशन व टाइमिंग एप के माध्यम से चेक कर लेते हैं। इस तरह की सुविधा यूपी रोडवेज बस यात्रियों के लिए नहीं थी। इससे कई बार यात्रियों को दिक्कत होती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। रोडवेज द्वारा सुगम एप को विकसित किए जाने की तैयारी है। इस एप को अपने मोबाइल फोन पर डाउनलोड करना होगा। इसके बाद एप पर यात्री देख सकेंगे कि वर्तमान समय में बस किस लोकेशन पर है और कितनी देरी में बस मंजिल तक पहुंच जाएगी। परिवहन निगम जल्द ही इस सुगम एप को लांच करेगा। संवाद
ऐसे होगी बसों की लाइव ट्रैकिंग
-रूटवार बसों की जानकारी मिलेगी, जैसे शामली से दिल्ली, शामली से मेरठ उस रूट की सभी बसें नंबर के साथ दिखेंगी।
-कौन सी बस किस जगह पर है, यह जानकारी लोकेशन के साथ दिखेंगी।
-आप किस जगह पर है, वहां तक पहुंचने में कितना समय लगेगा, यह भी पता चलेगा।
-बस में कितनी सीट और कितने यात्री है, इसका ब्योरा दिखेगा।
-बस का अगला स्टॉपेज कहां हैं, कितनी देर रूकेगी।
-बस कितनी स्पीड से चल रही है, यह भी एप से देख सकेंगे।
-पीछे कितनी बसें आ रही हैं, उनकी क्या स्थिति है, इसको भी चेक कर सकेंगे।
रोडवेज की सभी बसों में वीटीएस का काम विभाग से निर्देश मिलते ही शुरू कर दिया जाएगा। इससे बसों की लाइव लोकेशन एप के माध्यम से यात्री जान सकेंगे। इससे यात्रियों को काफी सुविधा होगी।
-राजेंद्र चौहान, स्टेशन अधीक्षक