शामली। जिले के सभी अन्त्योदय एवं पात्र गृहस्थी लाभार्थियों को माह अप्रैल का खाद्यान्न वितरण शुरू हो गया है।
जिलापूर्ति अधिकारी शशि कांत ने बताया कि इस अवधि में अन्त्योदय योजना तथा पात्र गृहस्थी योजना के राशनकार्ड धारकों को प्रति यूनिट 5 किग्रा खाद्यान्न में 3 किग्रा गेहूं और 2 किग्रा चावल के साथ प्रति राशन कार्ड एक किग्रा ऑयोडाइज्ड नमक, एक किग्रा साबुत चना और एक किग्रा रिफाइंड आयॅल का निशुल्क वितरण किया जाएगा। वितरण की अंतिम तिथि 12 मई तक है। खाद्यान्न प्राप्त न कर सकने वाले कार्डधारकों के लिए मोबाइल ओटीपी वेरीफिकेशन के माध्यम से वितरण कराया जाएगा। जिले के सभी अन्त्योदय व पात्र गृहस्थी कार्डधारक संबंधित उचित दर विक्रेता से ई-पॉश मशीन के माध्यम से आधार प्रमाणीकरण द्वारा 12 मई तक पांचों आवश्यक वस्तु प्राप्त कर सकते हैं। इस अवधि में ई-पॉश के माध्यम से आधार आधारित वितरण किया जाएगा। एक मई को ई-पॉश मशीनों में तकनीकी परिवर्तन के कारण वितरण का कार्य स्थगित रहेगा।