- डेंगू संभावित 31 मरीजों के रक्त के नमूनों की आई एलाइजा जांच की रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। जिले में कड़ाके की ठंड के बाद भी डेंगू पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। डेंगू संभावित मरीजों के रक्त के 31 नमूनों की आई एलाइजा जांच रिपोर्ट में एक मरीज में डेंगू की पुष्टि हुई है। जिले में अब डेंगू के केस की संख्या बढ़कर 93 हो गई है।
जिले में दिसंबर से लगातार मौसम ठंडा बना हुआ है। कड़ाके की ठंड के बाद भी डेंगू के केस सामने आने से स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। स्वास्थ्य विभाग ने जिले की सीएचसी और जिला अस्पताल में आए डेंगू संभावित मरीजों के रक्त के 31 नमूने लेकर एलाइजा जांच के लिए सहारनपुर मेडिकल कॉलेज भेजे थे। स्वास्थ्य विभाग एलाइजा जांच में पुष्टि होने पर ही मरीज को डेंगू होना प्रमाणित मानता है। सहारनपुर मेडिकल कॉलेज से आई 31 नमूनों की जांच रिपोर्ट में एक मरीज को डेंगू होने की पुष्टि हुई है। जिले में इसे मिलाकर अब डेंगू के केस बढ़कर 93 हो गए हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. विनय कुमार ने बताया कि नमूनों की जांच रिपोर्ट में एक मरीज में डेंगू होने की पुष्टि हुई है। उन्होंने लोगों से कहा कि मच्छरों से बचाव के लिए पूरी तरह से सावधानी बरतें। घर में या उसके आसपास पानी जमा न होने दे और साफ-सफाई रखें। अगर किसी व्यक्ति को तेज बुखार होता है और डेंगू के लक्षण नजर आते हैं तो अस्पताल में जांच कराकर उपचार कराएं।