जाम लगाने की कोशिश करते लोगों को खदेड़ती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
शामली के कैराना में बोलेरो की टक्कर लगने से बाइक सवार युवकों के घायल होने पर कैराना-कांधला मार्ग पर ऊंचा गांव में बखेड़ा हो गया। एक पक्ष के लोगों ने जाम लगाकर बोलेरो में तोड़फोड़ की कोशिश की। इस बीच दूसरे पक्ष से ग्रामीण भी हंगामा करने वालों के विरोध में सामने आ गए। इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को खदेड़कर माहौल बिगड़ने से बचा लिया।
बुधवार शाम बसेड़ा निवासी इंतजार और कैराना निवासी फुरकान बाइक से कांधला के गढ़ी दौलत स्थित मदरसे में सालाना जलसे में शामिल होकर लौट रहे थे। उनके साथ बाइक पर हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव खेड़ी निवासी शंकर भी था। कैराना- कांधला रोड पर जब वह मीट प्लांट के पास पहुंचे, तो बोलेरो चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवक घायल हो गए। इसके बाद बोलेरो लेकर चालक फरार होने लगा, तो जलसे से वापस आ रहे युवकों ने बाइकों से उसका पीछा किया और ऊंचागांव के पास बोलेरो रुकवा ली। इस दौरान बोलेरो को छोड़कर चालक शोर मचाता हुआ गांव में घुस गया। उधर, हादसे में घायल बाइक सवारों में से दो युवकों की मौत की अफवाह फैल गई, जिस पर कांधला जलसे से लौट रहे लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया और लोगों ने जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। बोलेरो में तोड़फोड़ की कोशिश की गई। लोगों की मांग थी कि बोलेरो चालक को उन्हें सौंपा जाए।
इसी दौरान ऊंचा गांव के ग्रामीण भी लाठी डंडे लेकर सामने आ गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर कैराना कोतवाली पुलिस बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को साथ लेकर मौके पर पहुंची। लाठियां फटकार कर भीड़ को तितर बितर किया और जाम खुलवाया। उधर, पुलिस ने घायल तीनों युवकों को सीएचसी पहुंचाया, जहां से इंतजार और शंकर को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी सुनील दत्त ने बताया कि तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी। जाम लगाकर हंगामा करने वालों की पहचान कराई जा रही है।
पुलिस ने संभाली स्थिति
कैराना-कांधला मार्ग पर जब हंगामा हो रहा था, तो काफी लोग मौके पर इकट्ठा हो गए थे। एक तरफ लोग बोलेरो चालक को सौंपने की मांग पर अड़े थे, तो दूसरे पक्ष के लोग भी सामने आ गए थे। इस कारण स्थिति तनावपूर्ण बनती जा रही थी। गनीमत रही कि समय रहते पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित कर लिया। पुलिस अधीक्षक देवरंजन वर्मा मीटिंगों के दौरान थाना प्रभारियों को हिदायत देते रहे हैं कि किसी भी छोटी घटना होने की सूचना मिलने पर तत्परता से पुलिस मौके पर पहुंचनी चाहिए। इसी का असर हुआ कि कैराना कोतवाली पुलिस समय से मौके पर पहुंच गई और स्थिति संभाल ली।