शामली। जनपद के 13 परीक्षा केंद्रों पर शुक्रवार को दूसरे चरण की यूपी पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा कड़ी चौकसी के बीच हुई। परीक्षा दो पाली में आयोजित हुई। जिसमें 10080 अभ्यर्थी पंजीकृत रहे। सभी केंद्रों पर 4682 ने परीक्षा छोड़ी और 5398 ने परीक्षा दी। परीक्षा के दौरान एडीजी मेरठ पर्यवेक्षक, डीएम व एसपी समेत अन्य अधिकारियों ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। हर अभ्यर्थी की मुख्य गेट के अलावा अंदर भी गहन चेकिंग की गई।
शुक्रवार को यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा 13 केेंद्रों पर कड़ी निगरानी के बीच दो पालियों में शांतिपूर्वक आयोजित हुई। पहली पाली सुबह 10 से 12 बजे तक आयोजित हुई। सुबह 8 बजे से केंद्रों के अंदर अभ्यर्थियों को पहले मैटल डिटेक्टर, बायोमेट्रिक और आंखों की जांच के साथ ही केंद्र के अंदर जाने दिया गया। किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश पत्र, आधार कार्ड और बाल पेन के अलावा कोई भी वस्तु अंदर नहीं जाने दी गई। सुबह की पाली में सभी 13 केंद्रों पर 5040 पंजीकृत रहे। 2705 ने परीक्षा दी और 2335 ने परीक्षा छोड़ी। वहीं दूसरी पाली 3 बजे से 5 बजे तक चली। जिसमें एक बजे से अभ्यर्थियों को केंद्र के अंदर भेजना शुरू किया गया। परीक्षा में सभी केंद्रों पर 5040 पंजीकृत रहे। 2693 ने परीक्षा दी और 2347 ने परीक्षा छोड़ी। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। वहीं, कैराना, कांधला और थानाभवन के परीक्षा केंद्रों पर अधिकारियों ने पहुंचकर जायजा लिया।
स्ट्रांग रूम से कड़ी सुरक्षा में केंद्र पर पहुंचे प्रश्नपत्र
स्ट्रांग रूम से प्रश्नपत्रों को कड़ी सुरक्षा पहरे में मजिस्ट्रेट की निगरानी में केंद्रों पर पहुंचे। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस सुबह से ही देर रात तक मुस्तैद रही।
शहर के अंदर और बाईपास पर पुलिस बल रहा तैनात
शहर के मुख्य मार्ग व शहर के अंदर और बाईपास पर भी अभ्यर्थियों को जानकारी देने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।
-मौसम ने भी ली अभ्यर्थियों और पुलिस की परीक्षा
जनपद में सुबह से ही काफी गर्मी रही। केंद्रों के आसपास दूसरी पाली के बैठे अभ्यर्थी धूप के चलते इधर-उधर छिपते नजर आए। कोई किसी की दुकान के अंदर तो कोई किसी के लिंटर के नीचे छिपता नजर आया।
परीक्षा केंद्रों के पास बैठे परिजनों को पुलिस ने हड़काया
शहर के वीवी इंटर, आरके पीजी व आरके इंटर के पास दुकानों के बाहर और परीक्षा केंद्र के सामने बैठे परिजनों व दूसरी पाली के अभ्यर्थियों को फटकार लगाते हुए केंद्र से 100 मीटर दूर भेजा।
परीक्षा छूटते ही शहर में बनी जाम की स्थिति
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के छूटते ही शहर में जाम की स्थिति रही। जिसमें शहर के करनाल रोड, विजय चौक, अजंता चौक, वीवी रोड, माजरा रोड, लिलौन रोड पर अभ्यर्थियों की भीड़ रही। जिसके बाद यातायात पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया।
आधार सत्यापन कराने के लिए 2.30 घंटे पहले पहुंचे अभ्यर्थी
पुलिस भर्ती बोर्ड ने आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों के आधार कार्ड का ब्योरा मांगा था। जिन अभ्यर्थियों ने आधार कार्ड का ब्योरा आवेदन से नहीं हो पा रहा है, उनको परीक्षा केंद्र पर आधार सत्यापन कराने के लिए ढाई घंटे पहले बुलाया गया।
परीक्षा के बाद रोडवेज बस अड्डे और स्टेशन पर उमड़ी भीड़
पुलिस अभ्यर्थियों के लिए राज्य सरकार ने बस में निशुल्क यात्रा के निर्देश दिए हैं। जिसके चलते परीक्षा छूटने के बाद दिल्ली व आसपास के जनपदों के अभ्यर्थी रोडवेज बस अड्डे पर पहुंचे और अपने घरों की ओर रवाना हुए। वहीं राजस्थान व बिहार व मध्य प्रदेश जाने वाले अधिकतर अभ्यर्थी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। राजस्थान जाने वाले अभ्यर्थी रात को 10 बजे आने वाली उदयपुर सिटी एक्सप्रेस ट्रेन का इंतजार करते रहे। वहीं दिल्ली जाने वाले रात को 9 बजे दिल्ली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन के इंतजार में बैठे रहे।
कई अभ्यर्थी पहुंचे 10 से 15 मिनट देरी से
शहर के वीवी इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर सुबह की पाली में तीन अभ्यर्थी देरी से पहुंचे। दूर से आए अभ्यर्थियों को ड्यूटी पर पुलिस कर्मियों ने उनका कमरा नंबर चेक कराते हुए समय रहते अंदर भेज दिया। यह सभी अभ्यर्थी 9.30 से 9.45 के बीच पहुंचे थे।
शामली के विश्वकर्मा धर्मशाला में आराम करते अभ्यर्थी । संवाद
शामली के विश्वकर्मा धर्मशाला में आराम करते अभ्यर्थी । संवाद
शामली के विश्वकर्मा धर्मशाला में आराम करते अभ्यर्थी । संवाद