कैराना (शामली)। तीन दिन पहले बिना बताए अपने घर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए तीनों किशोरों को पुलिस ने अजमेर रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया। जिसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।
नगर के मोहल्ला आलकला हरिजन मंदिर के पीछे रहने वाले रिहान, सादिक व नाजिम शनिवार की दोपहर करीब दो बजे अपने परिजनों को बिना बताए संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। तीनों किशोरों की उम्र 15 से 16 वर्ष के बीच है। एसपी अभिषेक ने पुलिस क्षेत्राधिकार के नेतृत्व में सर्विलांस व पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर किशोरों को बरामद करने के निर्देश दिए थे।
सोमवार की देर रात पुलिस व सर्विलांस की टीम ने तीनों किशोरों को राजस्थान के अजमेर शरीफ स्थित रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस पूछताछ में तीनों किशोरों ने बताया कि वह अपने घरों से बिना बताए राजस्थान के अजमेर दरगाह शरीफ में घूमने गए थे। उनके मोबाइल की बैटरी खत्म हो गई थी। इसलिए वे अपने परिजनों को सूचना नहीं दें पाए। दरगाह शरीफ के दर्शन करने के बाद वें कलियर शरीफ जाने के लिए अजमेर रेलवे स्टेशन पर आए तो रेलवे स्टेशन के प्रवेश द्वार पर ही पुलिस व उनके घरवाले मिल गए। जिसके बाद वें अपने घर वापस आ गए हैं। वहीं तीनों किशोरी के सकुशल बरामद होने के बाद उनके परिजनों ने राहत की सांस ली। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विपिन कुमार मौर्य ने बताया कि लापता हुए तीनों किशोरों को सकुशल बरामद कर लिया गया हैं। जिनको परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया हैं।