बैंक निरीक्षण में खामी मिलने पर एजीएम ने लगाई फटकार
झिंझाना। ऊन कस्बे के इलाहाबाद बैक में सोमवार को ग्राहकों की ओर से बैंक के बाहर प्रदर्शन के मामले को अमर उजाला ने मंगलवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद मंगलवार को मेरठ से शाखा में पहुंचे असिस्टेंट जनरल मैनेजर राजीव खन्ना ने बैंक का निरीक्षण कर ग्राहकों की शिकायतें सुनीं। इसके बाद शाखा प्रबंधक कुलदीप को फटकार लगाकर एक सप्ताह में कार्यशैली में सुधार लाने का निर्देश दिया। ग्राहकों की शिकायत थी कि शाखा अक्सर दोपहर बाद खुलती है। बैंक प्रबंधक पर भी देर से आने का आरोप लगाया। असिस्टेंट जनरल मैनेजर के बैंक में पहुंचने की जानकारी मिलने पर भाजपा नेता सुशील गर्ग, अमित गोयल, उग्र सिंह प्रधान श्यामली-श्यामला सहित दर्जनों लोगों ने मिलकर बैंक में भीड़ कम कराने के लिए पासबुक में एंट्री की मशीन के अलावा एटीएम मशीन लगाने की मांग की है। असिस्टेंट जनरल मैनेजर राजीव खन्ना ने बताया कि ग्राहकों की मांग पर बैक में जनवरी से एटीएम सुविधा के अलावा पासबुक में एंट्री करने की मशीन लगाई जाएगी। इसके अलावा समस्त स्टाफ को अपने व्यवहार में बदलाव के निर्देश दिए।