शामली। दुल्हैंडी के बाद शहर से लखनऊ, दिल्ली, मेरठ, सहारनपुर आदि बड़े शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या उम्मीद से कम रही। जिससे रोडवेज की आय डेढ़ लाख रुपये कम होने की संभावना है। शुक्रवार को बसों में भीड़ बढ़ सकती है।
होली के मद्देनजर रोडवेज की ओर से चालकों-परिचालकों और डिपो कर्मचारियों की दस दिवसीय होली प्रोत्साहन योजना तीन मार्च से शुरू की गई थी। पांच मार्च को शामली से बड़े शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी रही। जिससे रोडवेज की एक दिन की आय साढ़े पांच लाख रुपये तक पहुंच गई। छह मार्च को यह पांच लाख रुपये रह गई। जो दुल्हैंडी के दिन एक लाख रुपये पर सिमट गई।
बृहस्पतिवार को सुबह से शाम तक बड़े शहरों की ओर उम्मीद से कम यात्री निकले। फिर भी शाम तक साढ़े तीन लाख रुपये आय होने की संभावना है। यूपी रोडवेज के वरिष्ठ केंद्र प्रभारी राजेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि दुल्हैंडी के बाद बृहस्पतिवार को कम यात्री निकले हैं। लखनऊ जाने वाली बसों में यात्रियों की संख्या कम रही। शुक्रवार को भीड़ बढ़ने की संभावना है। निगम की होली प्रोत्साहन योजना आगामी 13 मार्च तक जारी रहेगी।