शामली/कांधला/चौसाना/बाबरी/गढ़ीपुख्ता। कांधला में बुधवार को ओवरस्पीड टैंकर से हादसे में चार लोगों की मौत व कई के घायल होने के बाद भी प्रशासन नहीं जागा। हाईवे पर दिनभर ओवरलोड और ओवरस्पीड वाहन दौड़ते रहे, लेकिन उन्हें रोकने टोकने वाला कहीं नजर नहीं आया। यह हाल तो तब है जब जिले में ओवरलोड व ओवरस्पीड वाहनों से लगातार हादसे हो रहे हैं। इससे पहले झिंझाना व थानाभवन में हादसे हो चुके हैं। टीम ने बृहस्पतिवार को जिले में पड़ताल की तो कई मार्गों पर ओवरलोड वाहन सड़कों पर दौड़ते हुए मिले।
स्थान: दिल्ली-सहारनपुर हाईवे
शामली क्षेत्र में दोपहर को दो बजे सहारनपुर हाईवे पर ओवरलोड वाहन जाते हुए मिले। इस दौरान गन्ने से लदा ओवरलोड ट्रक और एक पुराल से भरा ट्रैक्टर-ट्राला शामली की तरफ से सहारनपुर की ओर जाता हुआ मिला। इन ओवरलोड वाहनों को किसी ने नहीं रोका। इसके अलावा दोपहर डेढ़ बजे कैराना-शामली मार्ग पर बिना नंबर प्लेट के रेत से लदा ओवरलोड डंपर जाता हुआ मिला।
हादसा स्थल के पास से गुजरते रहे ओवरलोड वाहन
हाईवे पर ओवरलोड व ओवर स्पीड वाहन दौड़ते रहे। दोपहर में हादसा स्थल के निकट से ही गन्ने से लदा ओवरलोड ट्रक व अन्य वाहन जा रहे थे।
-
बाबरी में गन्ने से लदा ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्राला
हिरनवाड़ा, बाबरी, कैड़ी, भंदौड़ा, बंतीखेड़ा, करौदा हाथी आदि गांव से मिलों में गन्ना ढुलाई का कार्य ट्रकों व ट्रैक्टर-ट्राला से किया जाता है। दोपहर में बाबरी क्षेत्र में कैड़ी मार्ग पर गन्ने से लदा ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्राला सड़क पर जाते हुए मिला।
-
चौकी के सामने से निकला ओवरलोड डंपर
गढ़ीपुख्ता क्षेत्र में ऊन-थानाभवन मार्ग पर गढ़ी अब्दुल्ला खां चौकी के सामने से थानाभवन की तरफ से रेत से लदा ओवरलोड डंपर जाता हुआ नजर आया, लेकिन उसे किसी ने नहीं रोका।
जिले में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। बृहस्पतिवार को मेरठ-करनाल हाईवे पर ओवरलोड तीन वाहनों के चालान किए गए। ओवरलोेड व ओवरस्पीड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार की जाएगी।
-रोहित राजपूत, एआरटीओ।