उन्होंने कहा कि जनपद की पुलिस और गैर जनपदों से आए पुलिस बल मिलकर तय करेंगे कि मतदान निष्पक्ष हो, जिसके लिए कोई भी पोलिंग एजेंट मतदान स्थल के अंदर उपस्थित न रहे। डीएम ने कहा मतदान केंद्र में व्यवस्था बनाए रखना सुरक्षाकर्मियों का दायित्व है। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि जिला पुलिस-प्रशासन मतदान को सकुशल संपन्न कराने में सफल रहेगा।
एसपी अभिषेक ने सभी पुलिसकर्मियों से कहा कि चुनाव वाले दिन मतदान केंद्र में भीड़ न लगने दें और मतदान केंद्र के आसपास मतदान करने के बाद कोई न रुके। प्रत्याशियों के समर्थकों द्वारा लगाए गए बस्ते निर्धारित दूरी पर ही रहें। यदि कोई चुनाव में माहौल बिगाड़ने का तनिक भी प्रयास करता है, तो उसके विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए।
उन्होंने बताया सभी फोर्स पोलिंग पार्टी के साथ निर्धारित वाहन में रवाना होगा और मतदान केंद्र पर ही रहकर पोलिंग पार्टी, मतपेटियों व मतपत्रों की सुरक्षा करेंगे। मतदान के बाद मतपेटियों को सुरक्षित स्ट्रांग रूम तक जमा कराएंगे।
ब्रीफिंग में एडीएम संतोष कुमार, एएसपी ओपी सिंह, सीओ सिटी बिजेंद्र भड़ाना, सीओ कैराना अमरदीप सिंह, सीओ थानाभवन श्रेष्ठा ठाकुर, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक, जिले के सभी थाना प्रभारी और गैर जनपद से आए सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।