थानाभवन/जलालाबाद। खानपुर गांव निवासी एक व्यक्ति ने मुख्यमंत्री व जिलाधिकारी को शिकायत कर गांव में पौधारोपण के नाम लाखों रुपये हजम करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ करवाई की मांग की।
क्षेत्र के गांव खानपुर निवासी मंजू ने मुख्यमंत्री एवं जिलाधिकारी को पत्र भेजकर पौधारोपण के नाम पर फर्जीवाड़े का आरोप लगाया है। मंजू सिंह ने अपने पत्र में आरोप लगाते हुए बताया कि खानपुर गांव में साल 2021 एवं 22 में गांव में पौधारोपण किया गया। पेड़-पौधों की महीनों तक देखभाल भी की गई, जिसमें करीब साढ़े चार लाख रुपये खर्च हुए। मगर मौके पर एक भी पेड़ मौजूद नहीं है। आरोप लगाया गया है की ग्राम प्रधान ग्राम सचिव, अवर अभियंता ने फर्जीवाड़ा, मिली भगत कर वृक्षारोपण के नाम पर लाखों रुपये डकारें हैं। इसकी जांच होनी चाहिए। मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी ने कहा कि वृक्षारोपण के नाम पर अगर पैसे निकाल कर फर्जीवाड़ा किया गया है और देखभाल के बावजूद भी कोई पेड़ नहीं है तो इस संबंध में गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।