हरियाणा के जिला अंबाला के सिविल सर्जन ने डीएम को भेजा शिकायत पत्र
यूपी के मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री व हरियाणा के मुख्यमंत्री को भी भेजी पत्र की प्रतिलिपि
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। दो दिन पहले थानाभवन में निजी अस्पताल में लिंग परीक्षण के मामले की जांच करने पहुंची अंबाला की टीम लीडर महिला डिप्टी सीएमओ से शामली के एसीएमओ डॉ. अश्वनी कुमार पर अभद्रता करने तथा धमकी देने का आरोप लगाया है। इस बाबत अंबाला अस्पताल के सिविल सर्जन ने डीएम शामली को शिकायत पत्र भेजा है।
हरियाणा के स्वास्थ्य विभाग के जिला अंबाला के सिविल सर्जन ने डीएम शामली जसजीत कौर को भेजे पत्र में बताया कि दो दिन पहले उनके यहां से स्वास्थ्य टीम महिला डिप्टी सीएमओ डॉ. बलविंदर कौर के नेतृत्व में थानाभवन में लिंग परीक्षण की जांच करने गई थी। आरोप है कि एसीएमओ डॉ. अश्वनी कुमार ने टीम लीडर डिप्टी सीएमओ पीएनडीटी डॉ. बलविंदर कौर से अभद्रता की। उन्होंने धमकी दी कि उनकी मर्जी के बिना जिले से सुरक्षित निकल नहीं पाओगे।
अंबाला के सिविल सर्जन ने कहा कि यहां कई अपंजीकृत सेंटर चल रहे हैं। वहीं, डॉ. बलविंदर कौर ने डीएम को कॉल की तो उनका फोन नहीं उठा। जिस पर टीम ने इसकी जानकारी सीएमओ और डीएसपी शामली को दी थी। सिविल सर्जन ने शिकायत पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बृजेश पाठक, हरियाणा के मुख्यमंत्री और सीएमओ शामली आदि को भी भेजी है। वहीं, इस मामले में एसीएमओ डॉ. अश्वनी कुमार का कहना है कि उन्होंने किसी से अभद्रता नहीं की। उन पर लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं।