थाना भवन में थूक लगा कर मसाज करता नाई
थानाभवन (शामली)। युवक के चेहरे की मसाज करते समय थूक लगाने वाले आरोपी अमजद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस प्रकरण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने इस मामले में धार्मिक भावना को भड़काने की कोशिश समेत गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस इस मामले में वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले आरोपी की भी तलाश कर रही है। शुक्रवार की देर शाम को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। वायरल वीडियो में एक युवक के चेहरे पर मसाज करते समय नाई थूक लगाते हुए दिखाई दे रहा है। उसी समय किसी ने उसका वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच-पड़ताल में जुट गई।
पुलिस की जांच में आरोपी नाई की पहचान गांव भनेड़ा उद्दा निवासी अमजद पुत्र इरफान के रूप में हुई। आरोपी की गांव में बस स्टैंड पर नाई की दुकान है। शनिवार को पुलिस ने आरोपी अमजद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की तरफ से आरोपी के विरुद्ध धार्मिक भावनाओं को भड़काने की कोशिश करने समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। इस मामले में पुलिस सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने वाले आरोपी की भी तलाश कर रही है।
सीओ थानाभवन श्रेष्ठा ठाकुर ने बताया कि युवक के चेहरे की मसाज करते समय नाई की अश्लील हरकत करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का मामला जानकारी में आया है। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी का चालान कर दिया गया।