शामली। शहर के मोहल्ला आजाद चौक में दहेज को लेकर महिला की हत्या के आरोप में पुलिस ने सास को गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आजाद चौक में 20 वर्षीय मुस्कान की मौत हो गई थी। मृतका के भाई फिरोज निवासी कैराना ने शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी बहन मुस्कान की शादी करीब चार माह पहले कासिफ के साथ हुई थी। आरोप है कि ससुराल वाले दहेज में 50 हजार रुपये व बाइक की मांग कर रहे हैं। दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने सोमवार रात को मुस्कान को जहर खिला दिया था, जिससे उसकी हालत बिगड़ने पर उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। फिरोज ने पति कासिफ, सास समूना, ननंद फराना, दो जेठ व एक देवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बुधवार को पुलिस ने आरोपी सास समूना को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।