ऊन। शुक्रवार को तहसील कार्यालय पर लेखपाल द्वारा भाजपा के गढ़ीपुख्ता के मंडल उपाध्यक्ष उपेंद्र की पिटाई के मामले में उप जिलाधिकारी ने लेखपाल अशोक कुमार को निलंबित कर दिया तथा तहसीलदार को मामले की जांच सौंपी है। उधर, आरोपी लेखपाल के खिलाफ दूसरे दिन भी पुलिस ने कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
शुक्रवार को गांव नौनागली निवासी बुजुर्ग किसान उपेंद्र पुत्र हरपाल से तहसील में पहुंचकर लेखपाल द्वारा अभद्र व्यवहार करते हुए लाठी से हमला कर करने का आरोप लगाया था। उपेंद्र भाजपा के गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के मंडल उपाध्यक्ष भी हैं। वह आय प्रमाण पत्र बनवाने के संबंध में एसडीएम से मिलने पहुंचे थे। इस मामले में एसडीएम से शिकायत की थी। डीएम की संस्तुति पर उपजिलाधिकारी अर्चना शर्मा ने प्रकरण को गंभीर मानते हुए लेखपाल अशोक कुमार को निलंबित कर दिया तथा विभागीय जांच के आदेश तहसीलदार मृदुला दुबे को दिए है।
इस प्रकरण में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने में पहुंचकर लेखपाल के खिलाफ जल्द से जल्द मामला दर्ज कराने की मांग क है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।