शामली। बढ़ती महंगाई के विरोध में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन एसडीएम विशु राजा को सौंपा। उन्होंने महंगाई रोकने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की।
इस मौके पर पार्टी के जिलाध्यक्ष रतन सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने खाने-पीने सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी लगाकर महंगाई बढ़ा दी है। पहले से ही महंगाई की मार झेल रही जनता की कमर तोड़ दी है। डीजल-पेट्रोल व गैस के बढ़े दामों से जनता पहले ही परेशान है। अब दूध पर भी जीएसटी लगा दिया है। सरकार गरीब जनता और छोटे व्यापारियों के बजाय पूंजीपतियों के लिए काम कर रही है। कॉरपोरेट टैक्स घटाकर कम कर दिया है। पूंजीपतियों के कर्ज भी माफ किए जा रहे हैं। डॉलर की कीमत 80 रुपये तक पहुंच गई है। देश के खाली हो चुके खजाने को भरने के लिए सरकार गरीब जनता पर टैक्स थोप रही है। यदि महंगाई रोकने के लिए कारगर कदम नहीं उठाए गए तो पार्टी सरकार के खिलाफ संघर्ष करेगी। इस मौके पर वीरपाल उपाध्याय, अनिल बेनीवाल, रामकुमार शर्मा, आरपी शुक्ला आदि मौजूद रहे।