थानाभवन क्षेत्र के गांव हरड़ फतेहपुर में यूपीपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण करने पर आंचल चौहान का स्वा
- फोटो : SHAMLI
डीएसपी बनी आंचल का जोरदार स्वागत
शामली, थानाभवन। यूपीपीएससी की परीक्षा में 66वीं रैंक प्राप्त कर पुलिस उपाधीक्षक पद पर नियुक्ति प्राप्त करने पर आंचल चौहान का शुक्रवार को गांव पहुंचने पर ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया।
क्षेत्र के गांव हरड़ फतेहपुर निवासी नरेंद्र चौहान की पुत्री आंचल ने बिना किसी कोचिंग क्लास के यूपीपीएससी वर्ष 2021 की परीक्षा उत्तीर्ण की है। शुक्रवार को आंचल गांव में पहुंची तो उसका जोरदार स्वागत किया गया। मोबाइल पर आंचल ने बताया कि उसकी प्रारंभिक शिक्षा गांव के प्राइमरी विद्यालय में हुई। कक्षा छह से कक्षा 12 तक लाला लाजपत राय कन्या इंटर कॉलेज थानाभवन से, बीएससी शामली से और एमएससी मेरठ कैंपस में रह कर की। 2016 में आंचल का चयन पुलिस सब इंस्पेक्टर पद पर हो गया था, लेकिन उसने ज्वॉइन नहीं किया। 2018 का रिजल्ट न्यायालय में स्टे के कारण नहीं आया। 2019 व 2020 में उन्होंने परीक्षा नहीं दी। 2021 की परीक्षा में उसकी 66वीं रैंक आई। 2022 में भी उसने परीक्षा दी है, अभी परिणाम नहीं आया।
आंचल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता व अपने परिवार को दिया। आंचल के पिता नरेंद्र चौहान दिव्यांग हैं, उनकी पत्नी का लंबी बीमारी के बाद चसात वर्ष पूर्व स्वर्गवास हो गया था। ऐसी परिस्थितियों में भी उन्होंने बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दिया। उनके दो लड़के और दोनों बड़ी लड़कियां हैं। उधर गांव के प्रधान गौतम ठाकुर, उनके चाचा बृजेश राणा ने बताया आंचल चौहान ने गांव के साथ-साथ क्षेत्र का नाम रोशन किया है।