संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना में जिले में 19 हजार 755 वृद्ध पेंशनरों का आधार प्रमाणीकरण नहीं हो पाया है। जिससे जनपद प्रदेश में 59वें पायदान पर है।
डीएम जसजीत कौर ने कहा कि आधार प्रमाणीकरण की कार्रवाई के बिना वृद्धावस्था पेंशनरों को पेंशन की धनराशि उनके बैंक खाते में निदेशालय स्तर से नहीं भेजी जाएगी। यदि निर्धारित अवधि तक पेंशनरों के आधार प्रमाणीकरण पूर्ण नहीं किया जाता है तो कर्मचारियों का वेतन रोक दिया जाएगा। डीएम जसजीत कौर ने बताया कि समाज कल्याण विभाग लखनऊ की वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक में राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजनांतर्गत पेंशनरों के आधार प्रमाणीकरण में प्रगति न होने पर नाराजगी जाहिर की गई है। उन्होंने 15 अगस्त तक प्रत्येक ग्राम पंचायत सचिवालय, तहसील, ब्लॉक स्तर पर शिविर आयोजित करने के निर्देश देकर डीएम जसजीत कौर ने शत-प्रतिशत पेंशनरों का आधार प्रमाणीकरण कराने के निर्देश दिए हैं।