जलालाबाद। शनिवार की सुबह करीब सवा चार बजे जलालाबाद रेलवे स्टेशन पर सहारनपुर से दिल्ली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। इसकी जानकारी ट्रेन के स्टेशन से जाने के बाद हुई। की मैन सतीश कुमार ने स्टेशन मास्टर संजीव कुमार को यार्ड में रेलवे लाइन के बीच शव पड़ा होने की सूचना दी। स्टेशन मास्टर ने जीआरपी थाना शामली पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। पुलिस के मुताबिक युवक के हाथ पर जयवीर गुदा हुआ है। उसके पास बैग मिला, लेकिन उसमें कोई ऐसी चीज या कागज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। हादसे मे उसकी मौत हुई या फिर उसने आत्महत्या की, यह स्पष्ट नहीं हो सका। रेलवे पुलिस का कहना है कि शव की पहचान की कोशिश की जा रही है।