शामली। ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम पर अवैध वसूली के लगे आरोपों की जांच के लिए फिर से विभागीय अधिकारियों ने विशेष कमेटी गठित की है। एक सप्ताह के अंदर रिपोर्ट अधिकारियों को सौंपनी है।
गांव मंगलौरा, उदपुर के ग्रामीणां ने तत्कालीन अधीक्षण अभियंता नरेश कुमार से शिकायत की थी कि बीते माह उनके गांवों में विजिलेंस के कर्मचारी पहुंचे और वीडियो बनानी शुरू कर दी। विरोध करने पर एफआईआर दर्ज करने की धमकी दी गई। इसके बाद अवैध रूप से वसूली की गई। एसई ने मामले की जांच शुरू करा दी थी, मगर जांच के बावजूद कुछ नहीं हुआ।
एसई ने बताया कि मामले की जांच अब एक्सईएन तृतीय के नेतृत्व में गठित टीम करेगी, जिसकी तैयारी कर ली है। अवैध रूप से वसूली करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
-तीन माह बाद भी जांच पूरी नहीं
कुछ लोगों ने झिंझाना के जेई प्रेम पर अवैध रूप से कोल्हू और एक अन्य मामले में कनेक्शन देने का आरोप लगाया था। मामले की जांच एक्सईएन को सौंपी गई थी। तीन माह से अधिक का समय बीत चुका है, मगर अभी तक जांच पूरी नहीं हो सकी है। विभागीय अधिकारी जांच के नाम पर खानापूर्ति कर रहे हैं। एसई ने मामले की फिर से जांच कराने की बात कही है।