शामली। जिले के गोगवान जलालपुर गांव में दिल्ली- देहरादून और अंबाला -शामली ग्रीन फील्ड इकॉनमिक काॅरिडोर का गोल चक्कर एवं सुविधा कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा। यह कॉरिडोर का सबसे बड़ा गोलचक्कर होगा। निर्माण कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा।
दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर से शुरू होकर बागपत, मुजफ्फरनगर जिले से शामली के लांक, बुटराड़ा से होकर गोगवान जलालपुर, सहारनपुर से देहरादून तक दिल्ली-देहरादून ग्रीन फील्ड इकॉनमिक काॅरिडोर प्रस्तावित है। दूसरी ओर हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाला अंबाला-शामली ग्रीन फील्ड इकॉनमिक काॅरिडोर का निर्माण कार्य चल रहा है। 121 किमी के अंबाला-शामली ग्रीन फील्ड इकॉनमिक काॅरिडोर एक्सप्रेसवे शामली जिले के थानाभवन क्षेत्र के गोगवान जलालपुर में समाप्त हो रहा है।
गोगवान जलालपुर में एनएचएआई की ओर से गोलचक्कर एवं इंटरचेंज एवं सुविधा कांप्लेक्स निर्माण के लिए 100 बीघा भूमि का अधिग्रहण किया गया है। हालांकि, दिल्ली-देहरादून इकॉनमिक काॅरिडोर पर मिट्टी और रोडी-बजरी डालकर समतल किया जा रहा है। दूसरी ओर अंबाला से शामली तक 121 किमी लंबाई के एक्सप्रेसवे का भूमि अधिग्रहण, उपरिगामी पुल आदि का कार्य युद्ध स्तर से चल रहा है। निर्माण एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर केके शर्मा ने बताया कि अंबाला-शामली ग्रीन फील्ड इकॉनमिक काॅरिडोर एक्सप्रेसवे का भूमि अधिग्रहण करके मिट्टी रोड़ी-बजरी डालकर मिट्टी समतल की जारी रही है। उन्होंने बताया कि गोगवान जलालपुर में सुविधा कांप्लेक्स के लिए एनएचएआई की ओर से भूमि अधिग्रहण की गई है। यहां पर दिल्ली- देहरादून और अंबाला- शामली के बीच सबसे बडा गोल चक्कर बनेगा। पंजाब- हरियाणा से आने वाले ट्रैफिक दिल्ली- देहरादून, गोरखपुर जाने के लिए आने-जाने और उतरने-चढ़ने की सुविधा होगी। सुविधा कांप्लेक्स में यह मिलेगी सुविधाएं
इसके अंदर होटल, रेस्टोरेंट, पेट्रोल पंप की सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा मॉल और वाहन पार्किंग की भी सुविधा रहेगी।
थानाभवन में उपरिगामी पुल का निर्माण शुरू
शामली। अंबाला-शामली इकॉनमिक काॅरिडोर थानाभवन में बजाज चीनी मिल और अर्पण स्कूल के बीच दिल्ली-शामली, सहारनपुर हाईवे को क्राॅस कर रहा है। निर्माण के लिए हाईवे पर बने प्रतिष्ठान को तोड़ना शुरु कर दिया गया है। अंबाला- शामली इकॉनमिक काॅरिडोर का दिल्ली-शामली, सहारनपुर रोड पर उपरिगामी पुल टोल बूथ प्रस्तावित है। छह लेन के इकॉनमिक काॅरिडोर के लिए थानाभवन में निर्माण एजेंसी के प्लांट के बराबर में अंबाला- शामली इकॉनमिक काॅरिडोर की फाउंडेशन शुरू हो गई है। यह एक्सप्रेसवे अगले साल 2025 में बनकर तैयार होगा। शामली के गोगवान जलालपुर से बुटराड़ा होकर गोरखपुर तक नया एक्सप्रेसवे का निर्माण होगा।