988 मरीजों को मिला उपचार, 170 बने गोल्डन कार्ड
शामली। जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में 988 मरीजों की जांच कर उपचार दिया गया। आरोग्य मेले में सबसे ज्यादा मरीज नजला, जुकाम व खांसी के आए। इस दौरान आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के 170 गोल्डन कार्ड बनाए गए।
शासन के निर्देश पर हर रविवार को सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला आयोजित किया गया। आरोग्य मेले का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मरीजों को बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध कराना है। जिले में सभी 25 स्वास्थ्य केंद्रों पर आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। आरोग्य मेले में 988 मरीजों की जांच कर उपचार दिया गया। इनमें 330 पुरुष मरीज, 421 पुरुष मरीज और 237 बच्चें शामिल रहे। मेले में सबसे ज्यादा मरीज नजला, जुकाम व खांसी के रहे। इसके अलावा त्वचा, श्वास और पेट दर्द आदि के मरीज पहुंचे।
सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल ने बताया कि मौसम में बदलाव की वजह से वायरल संक्रमण के मरीज ज्यादा रहे हैं। सभी मरीजों की जांच कर दवा उपलब्ध कराई गई है। इस दौरान कोई गंभीर बीमारी का मरीज नहीं आया। सबसे ज्यादा 55 मरीज जलालाबाद पीएचसी पर आए जबकि सबसे कम 26-26 मरीजों की संख्या बहावड़ी व ऊंचागांव पीएचसी पर रही। उन्होंने बताया कि आरोग्य मेले में आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाने के स्टाल लगाए गए थे। इस दौरान 170 लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाए गए। सीएमओ ने बताया कि आरोग्य मेले में 25 चिकित्सकों और 94 पैरा मेडिकल स्टाफ तैनात रहा।