ऊन में परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करती बीएसए कोमल: फोटो स्वंय
शामली/चौसाना। भाषा व गणित का ज्ञान जानने के लिए जनपद के 329 परीक्षा केंद्रों पर स्टेट एजुकेशन अचीवमेंट सर्वे के तहत परीक्षा कराई गई। वहां पर 12345 छात्र-छात्राओं के सापेक्ष 9875 ने परीक्षा दी। वहीं अधिकारियों ने भी केंद्राें का निरीक्षण कर स्थिति देखी।
विद्यार्थियों की दक्षता का पता लगाने और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए शिक्षा विभाग प्रदेश में नेशनल अचीवमेंट सर्वे (नेस) की तर्ज पर स्टेट एजुकेशन अचीवमेंट सर्वे किया गया। इसके तहत शुक्रवार को जनपद में सर्वे के लिए 329 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे और वहां पर करीब कक्षा तीन, छह व नौ के 12 हजार 345 छात्र-छात्राओं को शामिल किया गया था। प्रत्येक कक्षा से तीस-तीस बच्चे शामिल होने थे। सर्वे में परिषदीय, माध्यमिक व प्राइवेट स्कूलों के बच्चों को मौका दिया गया। जनपद में 24 हजार छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। बीएसए कोमल ने बताया कि जनपद के सभी ब्लॉक में डीएम रविंद्र सिंह ने एक-एक जिला स्तरीय अधिकारी की ड्यूटी लगाई थी और सभी केंद्रों का अधिकारियों ने निरीक्षण कर व्यवस्था को देखा। बीएसए ने बताया कि कक्षा तीन के लिए 60 मिनट में 40 प्रश्न, छह में 75 मिनट में 50 प्रश्न व कक्षा नौ में 90 मिनट में 60 प्रश्न आए थे।
चौसाना के ज्योतिबा फुले इंटर कॉलेज, जय भारत किसान इंटर कॉलेज, गुरु गोविंद सिंह हाई स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर लाव्वा दाउदपुर समेत अन्य दर्जनों सरकारी स्कूलों में परीक्षा सकुशल संपन्न हुई।