शामली वीवी डिग्री कॉलेज में एडमिशन के लिये छात्र छात्राओ की लगी भीड
शामली। शहर के वीवी पीजी कॉलेज और आरके पीजी काॅलेज में स्नातक के पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों के दाखिले शुरू हो गए। पहले दिन वीवी पीजी कॉलेज में 32 और आरके पीजी कॉलेज में 66 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया। उधर, दाखिला संबंधी जानकारी के लिए भी विद्यार्थियों की कॉलेजों में भीड़ लगी रही।
मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय सहारनपुर ने दो दिन पहले सोमवार को पहली कट ऑफ मेरिट जारी की थी। इस मेरिट में शामिल विद्यार्थियों को 26 से 28 जुलाई तक कॉलेजों में दाखिला लेने का समय दिया गया है। बुधवार को दाखिले का पहला दिन था। सुबह से ही विद्यार्थी कॉलेज में पहुंचने शुरू हो गए थे। विद्यार्थियों में कोई दाखिला लेने की प्रक्रिया की जानकारी ले रहे थे तो कुछ फार्म के साथ कागजों को पूरा कर रहा था। दोपहर बाद तक कॉलेज में विद्यार्थियों की भीड़ रही।
वीवी पीजी कॉलेज शामली में प्रवेश संयोजक डॉ. भूपेंद्र कुमार ने बताया कि बीए में 25 और बीकॉम में सात विद्यार्थियों ने दाखिला लिया। उधर, आरके पीजी कॉलेज शामली में पहले दिन बीएससी में 30, बीएससी कृषि में 20 और बीकॉम में 16 यानि कुल 66 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया। बृहस्पतिवार को कॉलेज में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों की भीड़ होने की उम्मीद जताई जा रही है।