शामली। जिले में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर ठगी का धंधा जोरों पर है। ऊन क्षेत्र के गुड़ व्यापारी कृष्णपाल से साइबर ठगों ने ऑनलाइन ट्रेडिंग का झांसा देकर 97 लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित ने साइबर सेल से मामले की शिकायत की है। साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं झिंझाना के सिकंदरपुर के एक अन्य व्यापारी से भी आठ लाख की ठगी कर ली गई।
साइबर सेल प्रभारी इंस्पेक्टर संजीव भटनागर ने बताया कि ऊन के रहने वाले गुड व्यापारी कृष्णपाल सिंह ने बताया कि उनकी फैक्टरी भी है। कुछ दिन पूर्व ही उनका सोशल मीडिया के माध्यम से ऑनलाइन ट्रेडिंग के लिए अनजान व्यक्ति से संपर्क हुआ। जिसमें कंपनी के ऑनलाइन ट्रेनिंग का झांसा दिया। कहा कि ट्रेडिंग के बदले उन्हें लगाए गए रुपयों के दोगुने रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने रुपये लगाते हुए अलग अलग तारीखों में अलग अलग खातों में रुपये डाल दिए। शुरू में रिफंड मिलता रहा, मगर बाद में रुपये देने से इनकार कर दिया। अब तक वह 97 लाख रुपये गंवा चुके हैं। पीड़ित ने पुलिस से साइबर ठगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वहीं झिंझाना सिकंदरपुर के रहने वाले कृष्णपाल सिंह ने बताया कि ऑनलाइन माध्यम से अनजान ने उनसे संपर्क किया। वह गुड आदि के व्यापारी है। उनसे 30 मीट्रिक टन गुड की मांग की गई। मांग करने वालों ने खुद को हरियाणा का बताया। एडवांस एक लाख रुपये भी भेज दिए। गुड की डिलीवरी करा दी गई। गुड की कीमत 8 लाख 66 हजार रुपये बैठ रही थी, अब रुपये नहीं दिए जा रहे हैं।
एएसपी संतोष कुमार का कहना है कि मामलों की जांच की जा रही है। लोगों से अपील है कि वह साइबर ठगों से बहकावे में नहीं आए। संशय होने पर पुलिस से सीधे शिकायत करें।
कैसे ठगी को अंजाम देते हैं साइबर ठग
साइबर एक्सपर्ट संजीव भटनागर के अनुसार साइबर ठगों का गिरोह शेयर बाजार के एक्सपर्ट का झांसा देकर लोगों के निवेश के लिए बरगलाते हैं और शुरुआत में उन्हें लाभ होता दिखाते भी हैं।
1930 नंबर पर करें कॉल
साइबर अपराधों की रिपोर्ट करने के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 डायल करें। यदि वे इस तरह की धोखाधड़ी का शिकार हो जाएं तो तुरंत 1930 पर कॉल करें। तुरंत कॉल करने पर ठगी का रुपया वापस भी दिलाया जाता है। शामली साइबर सैल ने तीन माह में 20 से अधिक लोगों को ठगी होने से बचाया है।
ऑनलाइन ट्रेडिंग में ठगी से बचाव को यह करें....
: जिस वेबसाइट पर ट्रेडिंग कर रहे हैं वह पंजीकृत होनी चाहिए।
: वेबसाइट के बारे में पूरी जानकारी कर ही ट्रेडिंग करें।
जिस खाते में धनराशि ट्रांसफर कर रहे हैं वह खाता भी सेविंग एकाउंट होना चाहिए। एकाउंट की डिटेल संबंधित बैंक से की जा सकती है।
जो ट्रेडिंग कंपनी है, उसी के खातों में ही रुपये डाले, अन्य के खातों में रुपये डालने से बचें।