दो राजकीय इंटर कॉलेजों के लिए जारी 93 लाख, कई संस्थानों के लिए अभी इंतजार
-
शामली। जिले में कई शिक्षण संस्थानों का निर्माण अधर में है। अब मल्टीसेक्टोरियल डेवलपमेंट प्लान के तहत निर्माणाधीन हसनपुर लुहारी और मसावी गांव के राजकीय इंटर कॉलेज के लिए 93 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त हुई है। जिससे इनका निर्माण पूरा होने की उम्मीद जगी है, लेकिन जिले में अन्य शिक्षण संस्थानों के निर्माण वर्षों से लंबित हैं। समय के साथ कई अधूरे निर्माण अब जर्जर होने लगे हैं।
थानाभवन में राजकीय आईटीआई नौ साल पूर्व 2013 में स्वीकृत हुई थी। शासन ने परियोजना पूरी करने के लिए 31 मार्च 2022 का लक्ष्य निर्धारित करते हुए 2.95 करोड़ की धनराशि अवमुक्त की थी। लेकिन निर्माण एजेंसी 54.17 प्रतिशत कार्य ही कर पाई। थानाभवन ब्लॉक के पलठेड़ी गांव में राजकीय इंटर कॉलेज निर्माण के लिए 10 फरवरी 2014 को 3.18 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृति हुई थी। शासन से 1.74 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त करते हुए 31 मार्च 2022 को पूरा करने का लक्ष्य मिला था। लेकिन आठ साल से अधिक समय बीतने के बाद 58.33 प्रतिशत कार्य ही पूरा हुआ है।
कैराना ब्लॉक के भूरा गांव में राजकीय इंटर कॉलेज निर्माण के लिए 10 फरवरी 2014 में 3.18 करोड़ रुपये की धनराशि की स्वीकृति हुई थी। शासन ने 1.74 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त करते हुए 31 मार्च 2022 तक निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य दिया था। धनाभाव में अभी तक यह परियोजना अधूरी है।
एक साल पूर्व होना था महाविद्यालय का निर्माण
थानाभवन में महाविद्यालय निर्माण के लिए 8.9 करोड़ रुपये की स्वीकृति 25 अक्तूबर 2020 को मिली थी। 28 जून 2022 को परियोजना पूरी करने का लक्ष्य दिया गया था, मगर अभी तक दो करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त हुई है। निर्माण कार्य अभी भी अधूरा है।। थानाभवन क्षेत्र के ग्राम हरड़ फतेहपुर में राजकीय इंटर कॉलेज के निर्माण के लिए 3.48 करोड़ रुपये की स्वीकृति 14 मार्च 2016 में मिली थी। 1.74 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त होने के बाद 68.18 प्रतिशत कार्य पूरा हुआ है। थानाभवन ब्लाक के हरड़ फतेहपुर गांव में राजकीय कन्या डिग्री कॉलेज निर्माण के लिए 9.42 करोड़ रुपये की स्वीकृति दो जनवरी 2019 को हुई थी। जिसमें 3.45 करोड़ रुपये की धनराशि परियोजना के लिए अवमुक्त करते हुए जुलाई 2021 को निर्माण पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। निर्माण एजेंसी कार्य पूरा नहीं कर पाई है।
राजकीय कन्या डिग्री कॉलेज पेलखा गढ़ीपुख्ता के लिए दो जनवरी 2019 में 9.42 करोड़ रुपये की शासन से स्वीकृति कर 80 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त हुई थी। परियोजना को 24 मई 2022 को पूरा करने का लक्ष्य दिया गया था, लेकिन निर्माण अभी भी अधूरा है।
प्रशासन की ओर से परियोजनाओं को पूरा कराने के लिए शासन से समय-समय पर पत्राचार किया जाता है। जिन परियोजनाओं की धनराशि शासन से अवमुक्त होनी है, उसके लिए पत्र लिखा जाएगा।- शंभूनाथ तिवारी, सीडीओ।
हसनपुर लुहारी का निर्माणाधीन राजकीय इंटर कॉलेज।- फोटो : SHAMLI